रूद्रनाथ ट्रेक: लापता युवक को खोजबीन के बाद किया गया सकुशल रेस्क्यू

A859443dbe26d43fe0ce6d59d7c65e1a

गोपेश्वर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। चमोली जिले के रूद्रनाथ ट्रेक पर दिल्ली से तीर्थाटन और पर्यटन के लिए आया 49 लोगों के समूह का एक सदस्य गुरुवार को रास्ता भटकने के कारण दल से बिछड़ गया था, जिसे शुक्रवार को वन विभाग, राजस्व, पुलिस, एसडीआरएफ के साथ ही स्थानीय लोगों के अथक प्रयास के बाद सकुशल खोज निकाला गया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए इस 49 सदस्यीय दल ने एक अक्टूबर को रूद्रनाथ यात्रा शुरू की थी। दो अक्टूबर को दर्शन के बाद दल ल्वीठी बुग्याल में ठहरा। वापस लौटते समय तीन अक्टूबर को 27 वर्षीय आकाश गुप्ता लापता हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग ने रात्रि में खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

शुक्रवार को पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया और युवक को एक झरने के पास से सकुशल रेस्क्यू किया। बताया गया कि आकाश गुप्ता अलग रास्ते से जाने के कारण भटक गया और फिसलकर नीचे जा पहुंचा था। उसकी आवाज सुनकर टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। युवक को हल्की चोटें आई हैं और उसका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

रेस्क्यू अभियान में उप निरीक्षक अनिल बिंजोला, आनंद कश्मीरा और एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह सहित अन्य शामिल थे।