मकान हादसा पीड़ितों से मिलने पहुंचा सपा प्रतिनिधिमंडल, सात लाख की मदद

357137797f4cf0ed46285e4ec65895cc

मेरठ, 19 सितम्बर (हि.स.)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में हुए मकान हादसे के पीड़ितों से मिलने गुरुवार को सपा के प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। सपा की ओर से पांच लाख रुपए की मदद की गई, जबकि महानगर अध्यक्ष ने निजी तौर पर दो लाख रुपए दिए।

विधायक आशु मलिक के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जाकिर कॉलोनी में हुए मकान हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भेजा है। विधायक आशु मलिक ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ितों से फोन पर भी बात की है। हमारा समाजवादी परिवार पीड़ितों के साथ हैं। पार्टी की ओर से पीड़ितों की पांच लाख रुपए की मदद की गई है। प्रदेश में हमारी सरकार बनने पर परिवार की और मदद की जाएगी।

सपा के महानगर अध्यक्ष आदिल चोधरी ने निजी तौर पर दो लाख रुपए पीड़ित परिवार को दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए आशु मलिक ने प्रदेश और केंद्र सरकार की ओर से की गई मदद पर सवाल उठाए। सरकार ने जो मदद की बात कही है, वह इस परिवार के लिए पर्याप्त नहीं हैं। सरकार ने केवल आपदा के तहत मिलने वाला मुआवजा देने की बात कह दी है, जो गलत है। वर्तमान सरकार को मृतकों को कम से कम 20 लाख रुपए का मुआवजा देना चाहिए। इस प्रतिनिधिमंडल में सरधना विधायक अतुल प्रधान, किठौर विधायक शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, सम्राट मलिक आदि उपस्थित रहे।