Rainfall Update: इन राज्यों में तीन दिन तक होगी भारी बारिश, जानें अपने राज्य का हाल

Imd Rainfall Alert 16.jpg

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से यानी गुजरात के ऊपर एक गहरा दबाव बन गया है। इसके चलते अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने 29 अगस्त तक राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा है कि देश के पूर्वी हिस्से झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर भी एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। यह अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश को अपने प्रभाव में ले सकता है।

विभाग ने कहा है कि इस दौरान इन इलाकों में तेज गति से हवाएं चलेंगी और मूसलाधार बारिश होगी। ताजा बुलेटिन में आईएमडी ने कहा है कि गहरा दबाव गुजरात क्षेत्र में धीरे-धीरे पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके 29 अगस्त की सुबह तक सौराष्ट्र, कच्छ तट और पाकिस्तान के आसपास के इलाकों और उत्तरपूर्वी अरब सागर तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम की इस स्थिति के कारण गुजरात के विभिन्न हिस्सों में तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। कई शहरों में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य भर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम सात लोगों की जान चली गई है, जबकि करीब छह हजार लोगों को अन्य स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश जारी रही, जिसके कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और निचले इलाकों में पानी भर गया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण बांधों और नदियों का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर छह हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

आईएमडी ने कहा है कि झारखंड और आसपास के इलाकों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में एक कम दबाव का क्षेत्र भी आगे बढ़ रहा है। इसके कारण झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि 27 और 28 अगस्त को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ और गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कोंकण और गोवा और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। लद्दाख, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश संभव है।

इस बीच, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री कम है। तापमान में गिरावट से दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहाना हो गया है। पश्चिमी हवाएं भी चल रही हैं। इससे लोगों को राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिन में बारिश की भी संभावना है। आईएमडी ने 26 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार के लिए ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया था, जिसमें शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया गया था। (भाषा इनपुट्स के साथ)