Vande Bharat: इस रूट पर चलेगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस, दिसंबर में जारी हो सकती है समय सारिणी

Vande Bharat Train 8 696x406.jpg

देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन बरेली के रास्ते मार्च से शुरू हो गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन दिवाली के बाद सहारनपुर-प्रयागराज के बीच प्रस्तावित है। इसके लिए रेलवे ने सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ रेल रूट और सहारनपुर वाया अलीगढ़-कानपुर रेल रूट का सर्वे किया था। इसमें बरेली-लखनऊ रूट प्रस्तावित किया गया है।

ट्रेन संचालन को लेकर उत्तर और उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों के बीच पत्राचार भी हुआ। तीन दिन पहले जब रेलवे बोर्ड की चेयरमैन जया वर्मा सिन्हा प्रयागराज आई थीं, तब उन्होंने भी वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को लेकर अधिकारियों से चर्चा की थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सहारनपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन बरेली-लखनऊ के रास्ते ही किया जाएगा।

अगर इस ट्रेन को सहारनपुर से अलीगढ़-कानपुर सेंट्रल रेल रूट से चलाया जाता है तो कई ट्रेनों का संचालन बाधित होगा। इनकी समय सारिणी बदलनी पड़ेगी। उत्तर मध्य रेलवे ने कहा है कि रेल रूट पर पहले से ही ट्रेनों का दबाव है।

1 दिसंबर को आ सकता है टाइम टेबल

रेलवे एक दिसंबर को ट्रेनों का नया टाइम टेबल जारी करेगा। इस टाइम टेबल में सहारनपुर-प्रयागराज वंदे भारत और बरेली-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल भी जारी किया जाएगा। दोनों ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे सभी रेल खंडों में पहले से चल रही ट्रेनों के टाइम टेबल का अध्ययन कर रहा है।

सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि सहारनपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस और बरेली-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन प्रस्तावित है। इन रूटों पर आने वाली रेल मंडलों की ट्रेनों की समय सारिणी का अध्ययन किया जा रहा है। दिसंबर के अंत तक दोनों ट्रेनों की समय सारिणी जारी हो सकती है।