दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाबियों के लिए विशेष काउंटर: NRI यात्रियों को मिलेगी सुविधा, 24*7 संचालित होगी सेवा

Digi Yatra Facility 696x392.jpg

पंजाब के हवाई यात्रियों और अनिवासी भारतीयों के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विशेष सुविधा केंद्र स्थापित किया जा रहा है।

पंजाब सरकार और जीएमआर नई दिल्ली के बीच 12 जून 2024 को दो साल के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के अनुसार, यह सुविधा केंद्र खोला जा रहा है। सेवा केंद्र 24*7 संचालित होगा।

इस सुविधा केंद्र का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एनआरआई और पंजाब के अन्य यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करना है। इस केंद्र में दो इनोवा गाड़ियाँ उपलब्ध होंगी। ये गाड़ियाँ पंजाब भवन और अन्य आस-पास के स्थानों पर यात्रियों की स्थानीय आवाजाही में मदद के लिए उपलब्ध रहेंगी।

सुविधा केंद्र पर पंजाब के यात्री/रिश्तेदार लाइट, कनेक्टिंग फ्लाइट, टैक्सी सेवा, गुम हुए सामान की सुविधा और एयरपोर्ट पर किसी भी अन्य सहायता के लिए मदद ले सकते हैं। आपातकालीन स्थिति में यात्रियों और उनके रिश्तेदारों के लिए उपलब्धता के आधार पर पंजाब भवन दिल्ली में कुछ कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे।

वहीं, यात्रियों के लिए एक सहायता केंद्र नंबर (011-61232182) जारी किया गया है, जिसका उपयोग यात्री किसी भी समय सहायता प्राप्त करने के लिए कर सकते हैं।