पेड़-पौधों से मित्रता पर्यावरण संरक्षण का आधार : सकलदीप भगत

A3e6edf9d15872c684a08c1fa41f5aa6

खूंटी, 4 अगस्त (हि.स.)। मुरहू स्थित श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर में रविवार को मित्रता दिवस (फ्रेंडशिप डे) के अवसर पर पर्यावरण संवर्द्धन और संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ पौधा वितरण किया गया। मौके पर फलदार एवं छायादार वृक्षों के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित किया गया।

संस्थान के शिक्षक सह निदेशक सकलदीप भगत ने कहा कि परिवार, समाज और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधरोपण जरूरी है। इसलिए पेड़ पौधों को सच्चा मित्र बनाएं। पेड़ पौधों से मित्रता पर्यावरण संरक्षण का आधार है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक किया गया। कहा गया कि पेड़ पौधे भी हमारे सच्चे मित्र होते हैं। इसलिए इस दिन पौधे को मित्र बनाएं और जीवन में हरियाली लाएं। संस्थान की छात्रा साक्षी, सौम्या, मुस्कान एवं खुशी ने भाषण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन आरजू एवं प्रियंका ने किया।