भाजपा ने कारगिल के अमर शहीदों को किया नमन

55e46e5681677a04b21c969e9f76927d

नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आज भारतीय सेना के अमर जवानों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा ने कहा है कि सैनिकों ने भारत माता की आन और तिरंगे की शान की खातिर अपना सर्वोच्च बलिदान कर दिया।

भाजपा ने एक्स हैंडल पर लिखा है, ”अपने अदम्य साहस और वीरता से भारत माता की आन और तिरंगे की शान बरकरार रखने वाले कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि और वीर जवानों को नमन।” उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना ने कारगिल की लड़ाई में पाकिस्तान के छक्के छुड़ाते हुए 26 जुलाई 1999 को विजय प्राप्त की थी। यह युद्ध करीब दो माह लड़ा गया । प्रारम्भ में इसे पाकिस्तान की घुसपैठ माना गया, लेकिन नियंत्रण रेखा में खोज अभियान के बाद पाकिस्तान की नियोजित रणनीति का खुलासा हुआ। भारतीय सेना को अहसास हुआ कि हमले की योजना बड़े पैमाने पर की गई है। इसके बाद भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन विजय’ का आगाज करते हुए सैनिकों को कारगिल क्षेत्र मे भेजा। इस युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों के अटूट दृढ़ संकल्प और अदम्य भावना को प्रदर्शन हुआ। कारगिल युद्ध पाकिस्तान के गलत इरादों का सुबूत है।

भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान को सबक सिखाते हुए भारत के शौर्य और सामर्थ्य का अहसास पूरी दुनिया को कराया। वहीं पाकिस्तान के साथ हमदर्दी दिखानेवाली महाशक्तियों को भी दो-टूक लहजे में ऐसा करार जवाब दिया कि बोलती बंद हो गई। इस युद्ध में भारत ने भी अपने कई वीर योद्धाओं को खोया और उनका सर्वोच्च बलिदान देश के लिए एक मिसाल बन गया।