महिला अत्याचार के खिलाफ 13 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेगा भाजपा महिला मोर्चा

5442b995aa41843e058759a0c66ea9fb

खूंटी, 25 जुलाई (हि.स.)। महिला अत्याचार के खिलाफ खूंटी जिला भाजपा महिला मोर्चा द्वारा 13 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आहूत धरना तथा घेराव की तैयारी को लेकर महिला मोर्चा की गुरुवार को भाजपा के जिला कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी आरती कुजूर ने वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार, दुष्कर्म और महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाएं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बेहद ही संगीन विषय है, जिसे लेकर भाजपा महिलामोर्चा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देगा और उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेगा।

कुजूर ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने का काम अगर किसी ने किया है, तो वह मोदी सरकार ने किया है। यह सम्मान महिलाओं को आवास, शौचालय, महिला स्वावलंबी ट्रेनिंग आदि विभिन्न रूप में दिया गया है। रघुवर सरकार के समय महिलाओं को एक रुपये में जमीन की रजिस्ट्री का सुनहरा अवसर दिया गया था, जिसे वर्तमान हेमंत सरकार ने बंद कर महिला विरोधी काम किया है। झारखंड महिला मोर्चा महामंत्री मंजुलता दुबे ने कहा कि इस आक्रोश प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक महिलाएं शामिल होंगी।

मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी और जिला प्रभारी रोशनी खलखो ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने की बात कही। जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। ठीक इसके विपरित वर्तमान हेमंत सरकार महिला विरोधी काम कर रही है।