फतेहाबाद: मायके से लौटी विवाहिता को ससुरालियाें ने पिलाई स्प्रे, केस दर्ज

7c89d07f46f36e2c55e3aed34f7fcb8d

फतेहाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के शहर रतिया में पति से मनमुटाव के बाद दाेबारा मायके से ससुराल आई महिला ने अपने ससुरालियाें पर उससे मारपीट करने और जबरदस्ती स्प्रे पिलाने का आरोप लगाया है। महिला को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इस बारे गुरुवार काे रतिया पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस को दी शिकायत में अजीतनगर गंदा निवासी सुमन उर्फ सुनीता ने कहा है कि उसकी शादी सितम्बर 2023 में बिन्द्र पाल उर्फ बिंदी निवासी अजीत नगर के साथ हुई थी।

शादी के कुछ समय बाद ही उसका अपने पति के साथ मनमुटाव हो गया और वह मायके चली गई। वहां जाकर उसने घर बसाने को लेकर कोर्ट में केस दर्ज कर दिया। जब उसके पति बिंदी को केस बारे पता चला तो वह उसे वापस ले आया। महिला ने कहा कि 23 जुलाई को जब वह अपनी ससुराल पहुंची तो उसकी सास, ससुर और ननद ने उसे दहेज ना लाने को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए और उसके साथ मारपीट करने लगा।

इतने में उसका पति बिंदी व जेठ बिट्टू भी वहां आ गए, जिनके हाथ में स्प्रे की बोतल थी। आते ही इन लोगों ने उसे स्प्रे पिला दी जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। इस मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति बिंदरपाल, ससुर बंतूराम, जेठ बिट्टू के अलावा सास व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।