रीवाः महिलाओं को जिंदा दफन करने की कोशिश के मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा

C0cdfbd7f5eabf2682428192e1562478

रीवा, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में दो महिलाओं को जिंदा दफन करने की कोशिश के मामले में कांग्रेस ने सोमवार को रीवा में जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट घेरने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया और उन्हें खदेड़ने के लिए उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस भी छोड़ी। इसके बाद भी कांग्रेसियों के नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग भी किया गया।

रीवा में आयोजित प्रदर्शन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी श्रीनिवासन, कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, बबिता पांडेय, वरिष्ठ नेता गिरीश सिंह, कविता पांडेय, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी नागौद रश्मि सिंह पटेल, एनएसयूआई पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी बैरिकेट्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। घटना के विरोध में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सोमवार को रीवा कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए जा रहे थे, लेकिन कलेक्ट्रेट पहुंचने के पहले ही उन्हें रोक दिया गया।

इधर, रीवा की घटना को लेकर गुना महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। स्थानीय हनुमान चौराहे पर नारेबाजी की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला भी फूंका गया। हालांकि, पुलिस ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर उसे बुझाने की भी कोशिश की। इसके बाद कांग्रेसियों ने पुतले पर डंडे पर लातें मारीं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हो गई।