मप्र में निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री आज मुंबई में उद्योगपतियों से करेंगे संवाद

0cc6d638e5efae48a56f815bb38c8b65

भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (शनिवार को) देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में विभिन्न क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों से इन्टरेक्टिव सेशन में संवाद करेंगे। मुंबई के होटल ताज महल में निवेश के अवसरों को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस इन्टरेक्टिव सेशन में जीआईएस-2025 को सफल बनाने के लिए प्रमुख उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ाने के लिए आयोजित इन्टरेक्टिव सेशन की शुरूआत होटल ताज महल मुंबई में प्रात: 10 बजे होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रारंभिक सत्र को संबोधित करेंगे। साथ ही उद्योगपतियों से राउण्ड टेबल मीटिंग एवं वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि इंटरेक्टिव सेशन के प्रारंभ में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह प्रदेश की निवेश क्षमताओं संबंधी जानकारी देंगे। इसके बाद सुबह 10.05 से 10.15 बजे तक मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश अवसरों विषय पर एक वीडियो प्रदर्शित किया जाएगा। सुबह 10.15 से 10.25 बजे तक मध्यप्रदेश में मुख्य पर्यटन अवसरों पर वीडियो प्रस्तुति एवं चर्चा होगी।

सेशन में सुबह 10.25 से 10.40 बजे तक औद्योगिक परिप्रेक्ष्य में प्रमुख उद्योगपतियों द्वारा उद्बोधन दिया जायेगा। सुबह 11.00 से 11.05 बजे तक धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। सुबह 11.05 से 11.35 बजे मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं उद्योगपतियों के बीच राउण्ड टेबल बैठक होगी। सुबह 11.35 से दोपहर 1.00 तक बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन चर्चा करेंगे।