जबलपुर : डबलूसीआरईयू ने एनपीएस के खिलाफ डीआरएम आफिस सहित पूरे रेल मंडल में प्रदर्शन

8399d88e3293cc89cacc1d735af12810

जबलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। जबलपुर मंडल के सभी स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर यूनियन की यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने 01 जनवरी 2004 के बाद भर्ती कर्मचारियों के साथ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान जबलपुर प्रॉपर की सभी शाखाओं के युवा कर्मचारी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एकत्रित हुये एवं न्यू पेंशन स्कीम के खिलाफ द्वार सभा की।

समय रहते केंद्र सरकार ने इस नीति को वापस लेते हुए पुरानी गारंटीड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू नहीं करते हैं तो इसके दूरगामी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यह चेतावनी आज शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के आव्हान पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डबलूसीआरईयू) द्वारा आयोजित प्रदर्शन में यूनियन नेताओं ने व्यक्त किये। जबलपुर के अलावा रेल मंडल के सतना, कटनी, एनकेजे, ब्यौहारी, पिपरिया, सागर में जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने उपस्थित होकर एनपीएस के खिलाफ संघर्ष में एकजुटता दिखाई।