कुरुक्षेत्र और कैथल में विश्व के सबसे बेहतर कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करना प्राथमिकता : जिंदल

भाजपा की विस्तारित जिला कार्यकारिणी बैठक में संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सांसद ने हिस्सा लेकर आगामी चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा कैथल, 10 जुलाई (हि.स.)। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि कुरुक्षेत्र और कैथल जिले में विश्व का सबसे भव्य कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। वे इस दिशा में काम कर रहे हैं। देश-विदेश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण करके वहां से तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है कि किस प्रकार यहां बेहतर कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा सकते हैं।

कैथल में बुधवार को सांसद नवीन जिंदल भाजपा की विस्तारित जिला कार्यकारिणी बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक आ चुके हैं। लोकसभा के बाद पार्टी के पास सभी बूथों के आंकड़े हैं कि किस बूथ पर पार्टी की स्थिति क्या रही। ऐसे में सुधार का एक बेहतर मौका कार्यकर्ताओं के हाथ है। उन्होंने कहा कि वे लोगों के बीच जाएं। उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराने के साथ-साथ यह भी पूछे कि वे किस तरह और अधिक बेहतर कार्य कर सकते हैं, ताकि उन लोगों को भी अपना बनाया जा सके जिन्होंने इस बार पार्टी को वोट नहीं दिया। सांसद जिंदल ने कहा कि यदि विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़ेगी तो सांसद की ताकत भी डबल हो जाएगी।

जिससे वे तेज गति से विकास कार्य करवा पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत भारत विश्व की अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान से पांचवें स्थान तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही देन है। उन्होंने लोगों से कहा कि स्वच्छता में ईश्वर का वास है। इसलिए सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्लास्टिक के प्रयोग से बचें और साफ सफाई रखें। सांसद ने कहा कि परिवर्तन स्वयं से ही शुरू होता है। विकसित भारत तभी बन सकता है जब प्रत्येक व्यक्ति की आमदनी तीन गुना बढ़े। इस दिशा में भी वे सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट वेदपाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष करण देव कंबोज, प्रभारी मनीष यादव, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, विधायक लीला राम, विधायक पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा व नप चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने भी बैठक को संबोधित किया।