फतेहाबाद: पब्लिक हैल्थ कर्मचारी 25 को करेंगे मंत्री का घेराव :धीमान

फतेहाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन की जिला स्तरीय कन्वेंशन बुधावार काे जिला प्रधान शमशेर कुंडू की अध्यक्षता में जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के प्रांगण में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव रामकरण प्रजापति ने किया। कन्वेंशन में विशेष रूप से यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र धीमान, महासचिव अमरीक सिंह चट्ठा व कोषाध्यक्ष पवन राजाना ने शिरकत की और सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का जम कर विरोध किया।

कन्वेंशन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र धीमान ने बताया कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों से प्रदेशभर के कर्मचारी वर्ग में भारी निराशा है। विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा। उन्होंने विभागों का निजीकरण तुरंत बंद करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, कौशल रोजगार निगम को भंग करके नियमित रोजगार देने, पुरानी पेंशन नीति बहाल करने की मांग की।

नरेन्द्र धीमान ने कहा कि इन मांगों के अलावा सरकार की अन्य कर्मचारी विरोधी नीतियों का करारा जवाब देने के लिए ऑल हरियाणा मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन का हर कर्मचारी संघर्ष करने को मजबूर है। इन मांगों को लेकर यूनियन द्वारा 25 जुलाई को जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल का घेराव किया जाएगा। कन्वेंशन काे जिला फतेहाबाद से टोहाना, रतिया, भूना व भट्टू से सभी कर्मचारी, ब्रांचों के प्रधान व पदाधिकारी मौजूद रहे। फतेहाबाद जिला चेयरमैन सुरेश शर्मा, उप प्रधान तोता राम, वित्त सचिव दलबीर सिंह, मुख्य संगठनकर्ता राजकुमार, पीबी से देवेन्द्र नेगी ब्रांच प्रचान, सुभाष गुज्जर, महिलपाल रावत, नीरज, विनोद सिगड़, जगदीश शर्मा, पवन सैनी, सोनू शर्मा, सुभाष बैनीवाल सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया।