माेहन लाल बड़ाैली काे भाजपा ने बनाया प्रदेश अध्यक्ष,  नई रणनीति पर काम शुरू

चंडीगढ़, 9 जुलाई (हि.स.)। राई से विधायक मोहनलाल बड़ौली हरियाणा भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। मंगलवार को बड़ौली की नियुक्ति का ऐलान किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही भाजपा ने हरियाणा में न केवल कई राजनीतिक संदेश दिए हैं बल्कि अपनी भविष्य की रणनीति का भी संकेत दे दिया। भाजपा की पूरी राजनीति गैर जाट पर केंद्रित दिख रही है। अभी तक प्रदेशाध्यक्ष की कमान नायब सिंह सैनी के पास ही थी। भाजपा ने ब्राह्मण कार्ड खेलकर विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपना नजरिया स्पष्ट कर दिया है।

मोहनलाल कौशिक मूल रूप से सोनीपत जिला के राई हलके के बड़ौली गांव के रहने वाले हैं। बड़ौली का संघ से पुराना नाता रहा है। यह नियुक्ति पूर्व सीएम व केंद्रीय बिजली तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की सिफारिश पर हुई है। नायब सिंह सैनी ने सोमवार की रात हरियाणा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के बाद जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान सीएम ने केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेशाध्यक्ष को लेकर ही चर्चा की। नये प्रदेशाध्यक्ष को लेकर पार्टी में कई दिनों से मंथन चल रहा था। जातिगत व क्षेत्रीय समीकरणों के अलावा विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत पार्टी नेतृत्व ने ब्राह्मण कार्ड खेला है। सीएम नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की सिफारिश पर मुहर लगाते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने बड़ौली के नाम को हरी झंडी दी।

मोहनलाल बड़ौली के सामने सबसे बड़ी और पहली चुनौती आगामी विधानसभा चुनावों की रहेगी। लोकसभा के चुनाव सीएम नायब सिंह सैनी के प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए लड़े गए। भाजपा में एक नेता एक पद का सिद्धांत बना हुआ है। 12 मार्च को नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनते ही पार्टी का नया प्रधान बनना तय हो गया था। लेकिन लोकसभा चुनावों की घोषणा के चलते पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष को नहीं बदला। 2014 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव के दौरान प्रो़ रामबिलास शर्मा प्रदेश अध्यक्ष थे। 2019 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में सुभाष बराला प्रदेश अध्यक्ष थे। बराला की जगह ओमप्रकाश धनखड़ को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया और फिर धनखड़ की जगह नायब सिंह सैनी को यह जिम्मेदारी सौंपी थी।

कौन हैं मोहन लाल बड़ौली
बड़ौली ने 2019 में कांग्रेस के जयतीर्थ दहिया को 2663 मतों से शिकस्त देकर पहली बार विधानसभा में दस्तक दी थी। 1995 में मुरथल के मंडल अध्यक्ष रहे मोहनलाल बड़ौली ने इस बार सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ा था। यहां से कांग्रेस सांसद बने सतपाल ब्रह्मचारी के साथ कड़े मुकाबले में बड़ौली महज 21 हजार 816 मतों के अंतर से चुनाव हारे। सतपाल ब्रह्मचारी को 5 लाख 48 हजार 682 और मोहनलाल को 5 लाख 26 हजार 866 वोट हासिल हुए।

1963 में बड़ौली गांव में जन्मे मोहनलाल के पिता कलीराम कौशिक इलाके के प्रसिद्ध कवि रहे। वे पंडित लख्मीचंद के बड़े प्रशंसकों में शामिल रहे। बड़ौली 1989 से आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) से जुड़े हैं। वे सोनीपत जिला परिषद के चेयरमैन भी रहे हैं। 2020 में वे सोनीपत में भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और 2021 से वे लगातार पार्टी के प्रदेश महामंत्री पद पर बने हुए हैं। माना जा रहा है कि उनके संगठन के अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी है।