महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म , खुशी का माहौल,एक बेटा दो बेटियां

देहरादून, 08 जुलाई (हि.स.)। महंत इन्दिरेश अस्पताल में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। चकराता क्षेत्र की डोंडा गांव निवासी महिला ने सिजेरियन डिलीवरी के द्वारा तीनों स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। तीन बच्चों को एक साथ जन्म देने का चकराता क्षेत्र में यह पहला मामला बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार चकराता तहसील के अन्तर्गत छावनी बाजार से सटी ग्राम पंचायत मगरोली के होडा गांव निवासी महिला ने एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। महिला गांव में ही रहती हैं। बीते शुक्रवार उन्हं प्रसव पीडा उठी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से महंत इन्दिरेश अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने सफल सिजेरियन डिलीवरी करवाई। इसके बाद महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया, इसमें एक लड़का और दो लड़कियां शामिल हैं। महिला की यह पहली डिलीवरी है। अस्पताल में सुखद ट्रिप्लीकेट डिलीवरी का मामला मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वहीं तीन बच्चों को जन्म देने के बाद परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

परिजनों ने जानकारी दी कि डिलीवरी के बाद तीनों बच्चे व मां पूरी तरह स्वस्थ हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ प्रेरक मित्तल ने माता पिता व परिवारजनों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवजात बच्चों के पिता सशस्त्र सीमा बल में हवलदार के पद पर तैनात हैं। जैसे ही उन्हें अपनी पत्नी के सुरक्षित प्रसव की सूचना मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे तुरन्त छुट्टी लेकर अस्पताल पहुंचे।