उपचुनाव के बाद विधानसभा में बढ़ेगा भाजपा का संख्याबल  : डॉ बिंदल

धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने सोमवार को देहरा उपचुनाव के बीच घर घर संपर्क अभियान के दौरान कहा कि सत्ता का दुरुपयोग लंबे समय तक नहीं चलेगा। हिमाचल में उपचुनाव के बाद विधानसभा में भाजपा का संख्याबल बढ़ेगा और कांग्रेस की नाक में नकेल डाल, कांग्रेस को कसा जाएगा। डॉ बिंदल ने दावा किया कि भाजपा इन तीनों उपचुनावों में जीत हासिल करेगी, क्योंकि जनता को हिमाचल में तानाशाही सरकार पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल की प्रगति एवं विकास के लिए काम किया है।

हिमाचल में करोड़ों के काम किए हैं, पर कांग्रेस सरकार ने तो प्रदेश में चले चलाए कामों को भी बंद कर दिया। जिस सरकार ने पूरे प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया हो अब चुनावों के समय विकास की रोशनी के झूठे वायदे कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सरकार केवल मात्र डरा धमका कर वोट हासिल करना चाहती है लेकिन उसमें यह असफल रहेगी। यह सरकार केवल मात्र भ्रष्टाचार और माफिया राज को बढ़ावा देने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री बताएं कि भ्रष्टाचार के मामलों पर वह और उनका मित्रमंडल चुप क्यों है।