रथ यात्रा में नगर भ्रमण पर निकले जगन्नाथ स्वामी, भाई-बहन के साथ पहुंचे मौसी घर

खूंटी, 7 जुलाई (हि.स.)। जिला मुख्यालय खूंटी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में रविवार को भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की रथ यात्रा पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गयी। रथ यात्रा के पूर्व भगवान के तीनों विग्रहों का महास्नान, श्रृंगार सहित कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये। जिला मुख्यालय में सीआरपीएफ 94 बटालियन के कैंप में भगवान के तीनों विग्रहों की वैदिक मंत्रों से पूजा-अर्चना की गई, फिर भंडारे का आयोजन कर सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाया गया।

शाम को कैंप परिसर से मिश्रा टोली स्थित दुर्गा मंदिर तक भव्य रथयात्रा निकाली गयी। सीआरपीएफ 94 बटालियन द्वारा आयोजित रथ यात्रा के आयोजन में सीआरपीएफ के अधिकारी जवानों सहित सैकड़ों श्रद्धालु महिला-पुरुष शामिल हुए। दूसरी ओर जिले के जरियागढ़ में राजपरिवार के सदस्यों ने मदनमोहन गुड़ी में तीनों विग्रहों को रथारूढ़ किया और वहां से पुराने किले तक रथयात्रा निकाली गयी। जैसे ही रथयात्रा निकली, रथ का रस्सा खीेंचने के लिए लोगों में होड़ मच गयी। हर कोई रथ के रस्से या रथ को छूने के लिए आतुर दिखा।

मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ के रथ का रस्सा को छू लेने मात्र से सभी तरह के पापों का नाश हो जाता है। भगवान के रथ के आगे भक्त मृदंग और ढोल-मंजीरे के ताल पर नाचते-गाते और भजन करते चल रहे थे। पूरा वातावरण जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में लाल जयेंद्र नाथ शाहदेव, लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, लाल धु्रवेंद्र नाथ शाहदेव, लाल विजय नाथ शाहदेव, लाल जयेंद्र नाथ शाहदेव, सत्येंद्र नाथ शाहदेव, उदय नाथ शाहदेव, धीरेंद्र नाथ शाहदेव, राजदीप नाथ शाहदेव, ज्योतिंद्र नाथ शाहदेव आदि ने सहयोग किया। इसके अलावा कर्रा प्रखंड के झपरा, तोरपा प्रखंड मुख्यालय और तपकरा में भी पारंपरिक हर्षाेल्लास के साथ रथयात्रा निकाली गई।

तोरपा के जगन्नाथ मंदिर से निकली रथ यात्रा, हजारों भक्तों ने खींचा रस्सा

तोरपा के कोटेंगसेरा स्थित जगन्नाथ मंदिर से भी भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्र को सुसज्जित रथ में विराजमान कर तीनों विग्रहों की नगर यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने रथ का रस्सा खींचा। रथ यात्रा जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर तोरपा मेन रोड होते हुए कई जगहाें का भ्रमण किया। भक्त भाव विभोर होकर रथ के आगे-आगे डोल-मृदंग की धुन पर भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। कार्यकम में तोरपा के विधायक कोचे मुंडा ने भी महाप्रभु के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।