Budget 2024 Date: वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट पेश करने की तारीख घोषित, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

Budget 2024 Date: वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट 23 जुलाई को लोकसभा में पेश किया जाएगा. संसद का बजट सत्र 22 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा. तारीखों की घोषणा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने की.

रिजिजू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “भारत के माननीय राष्ट्रपति ने भारत सरकार की सिफारिश पर बजट सत्र, 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।”

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पूर्ण बजट पेश करेंगी। उन्होंने 1 फरवरी को संसद में अंतरिम बजट पेश किया था। लगातार दूसरी बार केंद्रीय वित्त मंत्री बनीं सीतारमण लगातार सात केंद्रीय बजट पेश करने वाली पहली व्यक्ति बन जाएंगी। वह मोरारजी देसाई से आगे निकल जाएंगी जिन्होंने लगातार छह बजट पेश किए थे।

आपको बता दें कि आम चुनाव 2024 के बाद 24 जून से संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया था। नए सांसदों ने शपथ ली और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 2024 का आम बजट पेश किए जाने से पहले सरकार बचत खातों से मिलने वाली ब्याज आय पर कर-कटौती योग्य सीमा को बढ़ाकर 25,000 रुपये करने के प्रस्ताव का मूल्यांकन कर रही है। हाल ही में वित्त मंत्रालय के प्रमुख अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बैंकों ने यह सुझाव दिया था।