वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को संसद में पेश करेंगी बजट

नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को संसद में मोदी 3.0 का पहला केंद्रीय बजट 2024-25 पेश करेंगी। सीतारमण लगातार सातवीं बार बजट पेश करेंगी। वे ऐसा करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। इससे पहले मोरारजी देसाई ने लगातार छह बार बजट पेश किया था।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को बताया कि संसद का बजट सत्र 22 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसकी मंजूरी दे दी है। केंद्रीय बजट, 2024-25 23 जुलाई को लोकसभा में पेश किया जाएगा। ये केंद्र में प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली नई सरकार का पहला पूर्ण बजट होगा। इससे पहले फरवरी में सरकार ने अंतरिम बजट पेश किया था।

ये बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार की प्राथमिकता एवं विकसित भारत की दिशा को तय करेगा। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी, 2024 को लोकसभा में अंतरिम बजट पेश किया था। उन्होंने लगातार दूसरी बार वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाला है।

उल्लेखनीय है कि इस साल अप्रैल, मई में लोकसभा चुनाव होने थे, इस लिहाजा सरकार ने एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया था। वित्त मंत्री ने अपने बजट में गरीब, महिला, युवा और अन्नदाता यानी किसान पर फोकस किया था।