बदरीनाथ उपचुनाव: मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने की अपील की

जोशीमठ, 06 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जोशीमठ स्थित पैनी गांव के पंचायत भवन में विभिन्न महिला समूह की महिलाओं के साथ बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर चुनावी बैठक की। उन्होंने बदरीनाथ वासियों से 10 जुलाई को भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र भंडारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी आजीविका बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति मजबूत होती है तो देश भी मजबूत होता है। राज्य सरकार ने वर्ष 2025 तक प्रदेश में समूह की 1.50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आज समूह के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों की समस्या भी सुनी और शीघ्र निराकरण का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का फूल मालाओं से स्वागत किया।