भोपाल की मनीषा आनंद ने जीता मिसेज इंडिया खिताब, बोलीं- खुद को कभी कम नहीं समझना चाहिए

भोपाल, 28 जून (हि.स.)। राजधानी भोपाल की रहने वाली मनीषा आनंद ने मिसेज इंडिया एम्प्रेस ऑफ द नेशन 2024 सीजन-5 का खिताब जीता है। 50 से अधिक प्रतिभागियों में मनीषा ने यह सफलता हासिल की है। यह प्रतियोगिता पुणे में आयोजित हुई थी। इससे पहले मनीषा ने 2023 में मिसेज सेंट्रल इंडिया का खिताब भी जीता था। यह दूसरा मौका है जब भोपाल की किसी महिला ने यह खिताब जीता है। इससे पहले 2023 में अपेक्षा डबराल ने यह खिताब जीत चुकी है।

शुक्रवार को मनीषा आनंद ने भोपाल की आदित्य रेजीडेंसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कहा कि मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती ग्लैमरस बनना थी। ज्यूरी ने भी उन्हें फीडबैक में यही कहा था। मैंने खूब मेहनत की और अंत में मिसेज ग्लैमरस का खिताब भी हासिल किया। यह सफर भोपाल की कई महिलाओं के लिए बहुत प्रेरणादायक है। मनीषा आनंद का कहना है कि सफर में आखिरी लक्ष्य से ज्यादा महत्व हर सेकेंड बेस्ट करने में देना चाहिए, और खुद को कभी भी कम नहीं समझना चाहिए।

बता दें कि मनीषा पिछले 20 वर्षों से एक करियर काउंसलर रही हैं। 2023 में अपेक्षा डबराल से मुलाकात के बाद उनका मॉडलिंग करियर शुरू हुआ, जिसके बाद अपेक्षा ने ही उन्हें मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया था। मनीषा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों के साथ मिसेज सेंट्रल इंडिया की मैनेजर फरहा अनवर को दिया और कहा कि इस सफर में कई महिलाओं ने उनका साथ दिया है और वो उनसे बहुत इन्स्पायर होती हैं। उन्होंने बताया की जनवरी में मिसेज इंडिया 2024 की तैयारी शुरू की थी और इस प्रतियोगिता के लिए उन्होंने कई नई स्किल डेवलप कर खुद को ट्रांसफॉर्म भी किया है।