आज का दिन इतिहास का काला दिन, लोकतंत्र को रौंदा गया : सीपी जोशी

जयपुर, 25 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि 25 जून 1975 के दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल की घोषणा कर सभी के मौलिक अधिकारों का हनन किया था। भाजपा आज के दिन को सम्पूर्ण देश में काला दिवस के रूप में मना रही है। यह लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन है, आज के दिन लोकतंत्र को रौंदा गया था।

दिल्ली स्थित आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि जनसंघ से लेकर अभी तक का भाजपा और कांग्रेस का इतिहास देश के सामने है। भाजपा ने जनसंघ से लेकर हमेशा देश हित में आंदोलन किए और नीतियां बनाई। कांग्रेस ने अपने विरोधियों को दबाने के लिए देश में आपातकाल लगाया और जनसंघ से लेकर एक विचारधारा वाले लोगों को जेल में ठूंस दिया गया, मीडिया पर प्रतिबंध लगाया गया। भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर काम किया है। आज जो लोग लोकतंत्र की दुहाई दे रहें है उन्हें अपना इतिहास देखना चाहिए। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनियां गांधी के समय किस प्रकार और कितनी बार संविधान को बदला गया।

एक सवाल के जवाब में जोशी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला ने 2019 से 2024 तक प्रभावी रूप से कार्य किया। उनकी अगुवाई में नये सांसदों और महिला सांसदों को प्रोत्साहित कर बोलने का अवसर मिला, साथ ही संसद का पेपर लेस होना, नई संसद का निर्माण होना और लोकसभा के खर्चों में कमीं लाने जैसे महत्वपूर्ण काम हुए।