मराठा नेता मनोज जारंगे के आंदोलन का विरोध करने पर डॉक्टर के मुंह पर कालिख पोती गई

मुंबई, 24 जून (हि.स.)। छत्रपति संभाजीनगर जिले में सोमवार को मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल के आंदोलन का विरोध पर मराठा कार्यकर्ता डॉ रमेश तारख के चेहरे पर कालिख पोत दी गई। इस घटना को लेकर मराठा समाज में नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, मनोज जारांगे ने जालना में मराठा समाज को सगे संबधियों के आधार पर कुनबी जाति का प्रमाणपत्र लेने के लिए भूख हड़ताल किया था। मराठा नेता डॉ रमेश तारख ने इस आंदोलन का विरोध किया था। इसी वजह आज मराठा कार्यकर्ताओं ने रमेश तारख को अपने कार्यालय में बुलाया और पहले उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद सभी मराठा कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया और उनके मुंह पर कालिख पोत दी।

इस घटना के बाद डॉ रमेश तारख ने कहा कि उन्होंने शुरू से मराठा आरक्षण के लिए मनोज जारांगे के कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन किया है। लेकिन इस बार का आंदोलन करने की जरूरत नहीं थी, इसी वजह से उन्होंने आंदोलन करने से मना किया था। उनके साथ उनके ही साथियों ने गलत किया है। यह लोकशाही प्रक्रिया में नहीं बैठता है, सभी को अपना विचार व्यक्त करने का अधिकार है।

रमेश तारख ने कहा कि इस घटना के बाद अभी तक मनोज जारांगे का फोन उन्हें नहीं आया है। इस घटना से मराठा समाज में नाराजगी फैल गई है।