यमुनानगर: भाजपा ने ओबीसी वर्ग का हमेशा ध्यान रखा है: मदन चौहान

यमुनानगर, 24 जून (हि.स.)। निवर्तमान मेयर मदन चौहान ने कहा कि हरियाणा में ओबीसी वर्ग के कल्याण को लेकर जो काम भाजपा सरकार ने किया है वह आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया। भाजपा सरकार द्वारा क्रीमिलेयर की वार्षिक आय 6 से बढ़कर 8 लाख किए जाने पर वह प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करते हैं।

सोमवार को निवर्तमान मेयर मदन चौहान ने अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग को आगे ले जाने का काम किया है जो आज तक कभी किसी भी सरकार ने नहीं किया। ओबीसी वर्ग भी भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और हर चुनाव में दिन-रात कर भाजपा के लिए संघर्ष करता है। इसलिए भाजपा सरकार ने ओबीसी वर्ग का ध्यान रखा यह हमारे लिए बड़ी गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्गों के आरक्षण के अंदर क्रीमी लेयर की वार्षिक आय सीमा सभी स्रोतों से 6 लाख रुपये है। भाजपा सरकार ने ध्यान में रखते हुए नौकरियों में यह क्रीमी लेयर बढ़कर 8 लाख रुपये वार्षिक की गई। जिससे ओबीसी वर्ग में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

उन्होंने कहा कि ग्रुप ए और ग्रुप बी के पदों में पिछले वर्गों का आरक्षण 15 प्रतिशत है आप इसे केंद्र सरकार की तर्ज पर बढ़ाकर सभी पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत किया जाएगा। कांग्रेस के राज में तो केवल एक क्षेत्र में एक जाति के लिए ही काम किया गया लेकिन भाजपा ने कभी भी इस प्रकार की राजनीति नहीं कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है उन्होंने हर वर्ग के लिए समान काम किया है।