जींद : जमीन विवाद के चलते पहले किया महिला पर फायर, फिर जलाने का प्रयास

जींद, 24 जून (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गांव गांगोली में जमीन विवाद के चलते पहले महिला पर फायर करने और जलाने का प्रयास करने पर पीडि़ता की शिकायत पर महिला समेत दो लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

गांव गांगोली निवासी संतरो ने सोमवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अजय अमेरीका गया हुआ है। उसकी ननंद कविता ने अपने हिस्से की जमीन गांव के ही कृष्ण फौजी की पत्नी मीना को बेच दी थी। जिस पर उसके जेठ कृष्ण व जेठानी सरोज ने कोर्ट से स्टे लिया हुआ है। गत 21 जून शाम को वह खेत में काम कर रही थी। उसी दौरान कृष्ण फौजी, उसकी पत्नी मीना व पाच अन्य खेत मे पहुचे ओर उस पर बंदूक तान दी। आरोपितों ने उसे खेत से भाग जाने के लिए कहा। जब उसने खेत से जाने से मना कर दिया। जिस पर कृष्ण फौजी ने उस पर फायर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गई। जिस पर कृष्ण फौजी तथा उसकी पत्नी मीना ने उस तेल छिड़क कर आग लगा दी। जिसके बाद आरोपित फरार हो गए। आसपास के किसानों ने आग पर काबू पाया। जिस पर उसके परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है।

सोमवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने संतरो की शिकायत पर कृष्ण फौजी, उसकी पत्नी मीना को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।