प्रदेश में अराजकता कि स्थिति, सरकार फेल, अपराधी बेक़ाबू : काजल

धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक पवन काजल ने कहा कि यह उपचुनाव मुख्यमंत्री की तानाशाही की वजह से हो रहे हैं। जो भी हालत बने हैं उसके ज़िम्मेदार मुख्यमंत्री स्वयं हैं। जिस तरीक़े की बर्बरता उन्होंने विधायकों के साथ की उसकी वजह से होशियार सिंह समेत अन्य विधायकों ने अपनी विधायकी से इस्तीफ़ा दे दिया। मुख्यमंत्री ज़बरदस्ती अपनी बात मनवाना चाहते हैं। जो वह चाहें निर्दलीय विधायक हो या उनकी पार्टी के विधायक। यह ज़बरदस्ती संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधायक अपने लोगों के हितों के साथ रहेग। मुख्यमंत्री के निजी हितों के साथ नहीं। बीते दिनों ही पूरे प्रदेश ने देखा कि कांग्रेस के एक नेता ने आरोप लगाए कि उन्हें आठ घंटे बंधक बनाकर मुख्यमंत्री ने अपनी बातें मनवाने की कोशिश की। विपक्ष सरकार की इस तानाशाही के ख़िलाफ़ शुरू से ही आवाज़ उठा रहा है।

पवन काजल ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब मुख्यमंत्री की तानाशाही के ख़िलाफ़ सरकार से आवाज़ उठी हो। इसके पहले कैबिनेट के मंत्री रोते हुए इस्तीफ़ा देने की घटना को पूरे प्रदेश ने देखा। कैबिनेट की बैठक से एक मंत्री रोते हुए बाहर निकल रहे हैं और दूसरे मंत्री उन्हें मनाते हुए अंदर ले जा रहे हैं। विधायक से लेकर पार्टी के नेता और अध्यक्ष तक मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के काम-काज और विकास न करने को लेकर उंगली उठा रहे हैं। सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग को ठगने का काम किया है। सरकार को आज पूरे प्रदेश ने नकार दिया है। 68 में से 61 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीत गई। मुख्यमंत्री अपने हल्के की सीट पर हार गये हैं। इस बार के विधान सभा उपचुनावों में भाजपा सभी सीटें जीतेगी।

विधायक काजल ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह के लिए वोट मांगते हुए कहा कि देहरा से जनता भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को आशीर्वाद देती है और भाजपा को जताती है तो बहुत जल्दी ही प्रदेश को इस तानाशाही से मुक्ति मिलेगी। प्रदेश में विकास के कामों पर ताला लगाने वाली, युवाओं, महिलाओं, किसानों, बाग़ानों से धोखा करने वाली कांग्रेस सरकार भी नहीं रहेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और विकास के काम फिर उसी रफ़्तार से चलेंगे।