दिल्ली में जल संकट पर आज भी सड़कों पर भाजपा का प्रदर्शन

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली में गहराते जल संकट को लेकर भाजपा ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा इस जल संकट को केजरीवाल सरकार की लापरवाही और जल बोर्ड का भ्रष्टाचार करार दे रही है। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा के सभी सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा, “केजरीवाल सरकार की लापरवाही के कारण दिल्ली में पानी की किल्लत हो रही है। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है। दिल्ली की भ्रष्ट केजरीवाल सरकार की वजह से पानी की कमी हुई है।”

मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में नई दिल्ली से भाजपा नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर अरविंद केजरीवाल की इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यही नहीं भाजपा के सभी सातों सांसद अपने-अपने क्षेत्र में विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

लक्ष्मी नगर चौक पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दुर्गापुरी चौक पर सांसद मनोज तिवारी, संगम विहार में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, द्वारका में कमलजीत सहरावत, करोल बाग में योगेंद्र चंदोलिया, चांदनी चौक में प्रवीण शंकर कपूर प्रदर्शन में मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा की लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज ने कहा, केजरीवाल सरकार की काम करने की नीयत नहीं है। एक दशक से केजरीवाल सरकार यहां सत्ता में हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और उनकी सरकार ने कुछ नहीं किया है। दिल्ली जल बोर्ड का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर चरमराती अवस्था में है। दिल्ली में ऐसा लगता है कि गैरकानूनी टैंकर माफिया को केजरीवाल सरकार प्रोत्साहित कर रही है। दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली सरकार के नियंत्रण में हैं। दिल्ली की जनता को पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है।