यमुनानगर: जनता ने भाजपा को नकारा, विधानसभा भी जीतेंगे: वरुण चौधरी

यमुनानगर, 15 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सांसद वरूण चौधरी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करने शनिवार को यमुनानगर पहुंचे। उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

वरूण चौधरी ने कहा कि यमुनानगर की जनता ने कांग्रेस का खुल कर साथ दिया है। इसके लिए वह उनके आभारी रहेंगे। उनके कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की और उसकी की बदौलत आज वह संसद तक पहुंचे हैं। वहां पर लोकसभा को क्षेत्र की आवाज को उठाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि 24 जून को वह शपथ लेंगे और राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सत्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि वह अंबाला लोकसभा क्षेत्र की जो भी मांगें हैं उन्हें उठायेंगे और पूरा करवाने का काम करेंगे। वहीं उन्होंने कांग्रेस की गुटबाजी पर बोलते हुए कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। लोगों ने अब भाजपा को नाकार दिया है और यह लोकसभा चुनाव में साबित हो गया है।

वहीं विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता बदलाव चाहती है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की बंपर जीत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता ने बेदखल कर दिया है इसलिए अब उनका सत्ता से बाहर जाने का समय आ चुका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के साथ-साथ निगम चुनाव में भी कांग्रेस ही जीत हासिल करेगी। भाजपा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दस साल में भाजपा ने प्रदेश में क्या काम किया है, यह सबके सामने है। केवल धर्म के नाम पर जनता को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिनरात मेहनत की, उसके लिए वह उनके हमेशा ही आभारी रहेंगे।