भाजपा सरकार के छह महीने की उपलब्धि जीरो: खाचरियावास

जयपुर, 15 जून (हि.स.)। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की भजन लाल सरकार छह माह में कोई भी नया काम नहीं कर पाई, सरकार की उपलब्धि जीरो रही। छह महीने से भाजपा की भजन लाल सरकार, उनके मंत्री हनीमून पीरियड मना रहे हैं। जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।

खाचरियावास ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए आरोप लगाया कि रोजाना मुख्यमंत्री और मंत्रियों में होड़ लगी हुई है कांग्रेस की गहलोत सरकार को गालियां देने की। अस्पतालों में दवा नहीं है। पुरानी सरकार का पच्चीस लाख तक का इलाज बंद कर दिया गया है। आज तक 450 का सिलेंडर मिल नहीं रहा है, 500 में कांग्रेस के समय में जो सिलेंडर मिल रहा था, वही मिल रहा है। एससी,एसटी के छात्रों को छात्रवृति नहीं मिल रही, बुजुर्ग, विकलांग, विधवा पेंशन बंद पडी है। केवाईसी के नाम पर गरीबों के नाम काटे जा रहे हैं, राशन मिल नहीं रहा है। उनहोंने कहा कि रोजाना पूरे राजस्थान में गरीब, थड़ी-ठेेले वालों को परेशान किया जा रहा है, सब जगह इन्सपेक्टरराज का बोलबाला है।

खाचरियावास ने कहा कि छह माह के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। रोजाना चैन तोड़ना, लूट, डकैती, दुष्कर्म और गैंगवार की घटनायें हो रही हैं, आम आदमी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि समझ में नहीं आ रहा सरकार मुख्यमंत्री और मंत्री चला रहे है या मुख्य सचिव और अधिकारी। अधिकारियों और मंत्रियों के बीच पावर की लडाई में सब काम बंद पडे हैं। राजस्थान में छह महीने में सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई। लोगों में चर्चा है कि भाजपा का शासन पोपाबाई का राज बनकर रह गया है। जिसमें उलटे तराजू से जनता के अधिकार तोले जा रहे हैं, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिल रहा। प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।