पांच साल तक अपनों से लड़ते रहे पूर्व मुख्यमंत्री, राजनीति की भेंट चढ़े कृषि कानून बिल : कृषि राज्य मंत्री

जयपुर, 15 जून (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी शनिवार को मंत्री पद संभालने के बाद पहली बार अपने लोकसभा क्षेत्र पहुंचे। इस मौके पर उनका भाजपा के विभिन्न मंडलों, जिला भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों समेत जनप्रतिनिधियों की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को जल जीवन मिशन के तहत 30 हजार करोड़ रुपये दिए गए थे। ये अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा थे। लेकिन, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विकास की दिशा में काम करने की जगह पांच साल अपनी कुर्सी बचाने में लगे रहे।

चौधरी ने कहा कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। 100 दिन का रोड मैप तैयार किया गया है। 2024 से लेकर 2029 तक विकास की दृष्टि से स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। दुनिया देखने के लिए आएगी। देश जो 11 नंबर पर था, उसे पांच नंबर पर लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने दावा किया कि कृषि कानून किसानों के हित में थे लेकिन राजनीति की भेंट चढ़ गए। मंत्री चौधरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैं 2019 से लेकर 2024 तक जल संसाधन समिति का सदस्य था। पूरे देश में जाने का मुझे अवसर मिला। जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया। जल जीवन मिशन का अभियान भी चलाया। 31 मार्च 2024 तक राजस्थान के हर घर में नल हो और उसमें शुद्ध जल आए। इसके लिए 30 हजार करोड़ रुपये पूर्ववर्ती गहलोत सरकार को जल जीवन मिशन के लिए दिए। इतना कहीं भी दूसरे स्टेट को नहीं दिया गया था। लेकिन, राज्य के लिए दुर्भाग्य की बात है कि उन्होंने पांच साल कुर्सी बचाने में ध्यान रहा। आपसी झगड़ने में रहे। उन्होंने विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया।

चौधरी ने कहा कि विश्व में महामारी कोरोना आई थी। हमारे देश के अन्नदान के बलबूते आज 80 करोड़ से ज्यादा जनता को फ्री अनाज दिया जा रहा है। मोदी चाह रहे हैं, उनका विकास हो। इसी को लेकर तीन कृषि बिल लाए गए थे। मैं खुद किसान का बेटा हूं। मेरे शरीर में किसान का रक्त दौड़ रहा है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं, तीनों कृषि बिल लाए गए थे। वह किसान के हित में थे, लेकिन दुर्भाग्य था की राजनीति की भेंट चढ़ गए। अब हम किसानों के बीच में जाएंगे। मंत्री ने कहा कि जब हम चुनाव में वोट मांगने गए तो माता और बहनों ने पूछा कि पानी की व्यवस्था करोगे या नहीं। अब राजस्थान में बीजेपी की सरकार बन गई है। डबल इंजन की सरकार बन गई है, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, आने वाले 50 साल तक पीने के पानी की व्यवस्था होगी। इस पर काम चल रहा है। ईआरसीपी लागू हो गई है। दूर दराज क्षेत्र में और पूरे प्रदेश में पीने के संकट दूर होगा और हमारी कोशिश है, नदियों को जोड़कर एकत्र करके पुराने बंद पड़े बांधों को भरकर प्यासी धरती को भी पानी दिया जाएगा। इंसान और पशु सहित सबके लिए पानी की व्यवस्था करेंगे।

मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में जब से देश के प्रधान सेवक का दायित्व संभाला है। तब से लेकर अब तक लगातार किसानों के घर में खुशहाली कैसे आए, उनकी आमदनी दुगनी कैसे हो, इसके लिए लगातार 10 साल प्रयास किए। चाहे किसान सम्मान निधि हो या एमएसपी बढ़ाने की बात हो, वे 2014 से लेकर 2024 तक 10 साल लगातार एमएसपी बढ़ते रहे।