अधिकारियों ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खूंटी, 5 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को खूंटी जिले में कई तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय परिसर खूंटी में प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया और जिलावासियों को पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संदेश दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि वातावरण का संतुलित होना ही सुरक्षित पर्यावरण की नींव है। पर्यावरण संरक्षण के संदेश में उन्होंने बताया गया कि वर्तमान में हमें धरातल पर अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की आवश्यकता है, ताकि हमारा पर्यावरण साफ व स्वच्छ रह सके। हमारे जीवन के लिए पेड़-पौधे अनमोल हैं। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों मंे पौधारोपण किया गया। साथ ही बताया गया कि लोग पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और पेड़ों को बचाने में भूमिका निभाएं। इसके महत्व को समझते हुए सभी लोगों को पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए।