तंवर को हराकर सिरसा से तीसरी बार सांसद बनीं सैलजा

सिरसा/फतेहाबाद, 4 जून(हि.स)। लोकसभा चुनाव में हरियाणा की हॉट सीट मानी जाने वाली सिरसा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा जीत गई हैं। सैलजा ने भाजपा के उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर को लगभग सवा दो लाख 67 हजार 467 वोटों के भारी अंतर से हराकर शानदार विजय हासिल की है। सैलजा तीसरी बार सिरसा से कांग्रेस की सांसद बनीं है।

सैलजा कांग्रेस के पूर्व सांसद व दलित नेता दलबीर सिंह की पुत्री हैं। दलबीर सिरसा से तीन बार सांसद रह चुके हैं। सैलजा इससे पहले वर्ष 1990 व वर्ष 1996 में भी सिरसा संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुकी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव की सरकार में वे शिक्षा एवं संस्कृति मामलों की राज्यमंत्री थीं। वर्ष 2004 के आम चुनाव में उन्होंने अंबाला लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और बाद में केन्द्रीय राज्यमंत्री बनीं। सैलजा शुरू से ही गांधी परिवार के बेहद करीब रहीं और कांग्रेस की केन्द्रीय राजनीति में ही सक्रिय रहीं।

सैलजा ने वर्ष 2019 अंबाला से आम चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गईं थीं। उसके बाद उन्होंने राज्य की राजनीति में वापसी की और उसी साल बाद में कांग्रेस पार्टी की हरियाणा इकाई की अध्यक्ष चुनी गईं। वह 2014 से 2020 तक राज्यसभा की सदस्य भी रहीं।

सैलजा के निकटतम प्रतिद्वंदी डॉ अशोक तंवर भी सिरसा से कांग्रेस की टिकट पर संसद सदस्य रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह से विवादों के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने टीएमसी जॉइन की थी। कुछ समय पूर्व उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली थी।