अपडेट–सोनीपत रबड़ फैक्ट्री में लगी आग से 40 कर्मचारी बाहर निकाले

सोनीपत, 28 मई (हि.स.)। सोनीपत में मंगलवार शाम को राई औद्यौगिक क्षेत्र की रबड़ फैक्ट्री में लगी आग में लगभग 40 कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है। झुलसे 16 कर्मियों को सिविल अस्पताल में लाया गया। इनकी हालत गंभीर बताई गई है। कुछ कर्मियों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

गंभीर हालत में कुछ कर्मचारियों को पीजीआई रेफर किया गया है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां देर रात तक मौके पर ही हैं, अभी आग पूरी तरह से काबू में नहीं है।

राई औद्यौगिक क्षेत्र में शाम करीब 4 बजे के रबड़ की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में लंच के बाद कर्मचारी काम कर रहे थे। रबड़ भरे होने की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे तीन दर्जन से ज्यादा कर्मचारी बाहर ही नहीं निकल पाए।

फैक्ट्री में रखे सिलेंडरों में ब्लास्ट होना शुरू हो गया।

क्षेत्र दहल उठा, धमाकों की आवाज सुनकर दूसरी फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच आए। अंदर फंसे लोगों को उन्होंने बार निकालने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद अंदर फंसे कर्मियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

बचाव कार्य में लगे फैक्ट्री के अकाउंटेंट के हाथ भी जल गए। सोनीपत के उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया है कि फैक्टरी में आग लगने के बाद काफी कर्मचारी झुलसे हैं। उनमें से कुछ को सिविल अस्पताल लाया गया। वहीं, कुछ कर्मचारियों को अलग-अलग निजी अस्पतालों के अलावा पीजीआई रोहतक और खानपुर भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

उपायुक्त का कहना है फैक्ट्रियों में बॉयलर फटने के मामले भी सामने आ रहे हैं। हम इस बार सभी फैक्ट्रियों में जांच करवाएंगे।

वहीं, सिविल सर्जन डॉ. जय किशोर ने बताया है कि हादसे के बाद सिविल अस्पताल में करीब 16 लाए गए थे। उनका उपचार हमारे यहां किया जा रहा है। वहीं, जिन लोगों की हालत ज्यादा खराब थी, उन्हें हायर इंस्टीट्यूशन में रेफर कर दिया है।