दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर मतदान को लेकर बुजुर्गों में भी दिखा खासा उत्साह

नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। यहां की सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से लंबी कतारे देखने को मिल रही हैं। युवाओं और महिलाओं के साथ बुजुर्गों में भी अपने मत का प्रयोग करने के प्रति खासा उत्साह दिखाई दिया।

पश्चिमी दिल्ली के कुतुब विहार की रहने वाली 93 साल की नीमा देवी आज भी अपने वोट को लेकर काफी जागरूक हैं। सुबह वे तैयार हो कर अपने मत का प्रयोग करने पहुंचीं। नीमा देवी बताती हैं कि वे कई सालों से लोकतंत्र के पर्व को मनाते हुए अपने मत का प्रयोग करती आईं हैं। जब भी चुनाव आता है तो वे नए कपड़े पहन कर वोट डालने जरूर जाती हैं। उन्होंने बताया कि उनके जीवन में ऐसा कभी नहीं हुआ जब उन्होंने लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं की होगी। उन्होंने युवाओं को भी अपने मत का प्रयोग करने की अपील की।

कुतुब विहार स्थित दिल्ली नगर निगम कन्या विद्यालय मतदान केन्द्र में अपने मत का प्रयोग करने पहुंची 90 वर्षीय रामरति बताती हैं कि गर्मी हो या कोई भी दूसरे काम, सबसे जरूरी है देश के विकास के लिए मतदान करना। अगर सभी किसी न किसी चीज का बहाना करके अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो उन्हें शिकायत भी नहीं करनी चाहिए। वे बताती हैं कि पहले वे अपनी कई सहेलियों के साथ मतदान करने पहुंचती थीं लेकिन अब उनके नाती-पोते के साथ ही वे मतदान करने पहुंच रही हैं। उन्होंने युवाओं से खासतौर पर अपील की वे अपने मत का प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग दें।

युवक-युवतियां भी सुबह ही अच्छी संख्या में पोलिंग बूथ पर अपने मत का प्रयोग करने पहुंची। करीब एक घंटे तक लाइन में लग कर वोट करने वाली निर्मला ने बताया कि पहले मतदान फिर जलपान। उन्होंने कहा कि पहले वोट से अब तक एक बार भी लोकतंत्र के पर्व में भागीदार बनने से नहीं चूकी। सुबह की सैर के बाद सीधे वे मतदान केन्द्र में यह सोचकर पहुंची कि भीड़ कम होगी लेकिन सुबह सात बजे से ही मतदान केन्द्रों पर लाइनें लगी थीं। एक घंटे के बाद विकास के नाम पर वोट करने के बाद अब वे अपने दूसरे काम निपटाएगी।