देवेंद्र फडणवीस ने कहा- देश के जन जन में है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। चांदनी चौक लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी प्रवीन खंडेलवाल के समर्थन में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को रोड-शो किया। देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि देश के जन-जन के मन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल के लिए देवेंद्र फडणवीस ने राजधानी दिल्ली के मुल्तानी धन्दा, पहाड़गंज से एक विशाल रोड शो में हिस्सा लिया। ये रोड शो पहाड़गंज से शुरू होकर कुतुब रोड, लाहौरी गेट, श्रद्धानन्द मार्ग, अजमेरी गेट, चावड़ी बाजार होती हुई दरीबा बाजार जाकर समाप्त हुईं। इस रोड-शो के दौरान लोगों का हुजूम देवेंद्र फडणवीस की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़ा। हर गली नुक्कड़ पर लोगों ने भाजपा नेता का पुष्प वर्षा से जोरदार स्वागत किया।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में हो रही उन्नति अब दिख रही है, जिस गति से विकास कार्य हो रहा है। वह अब तक नहीं हुआ था, दिल्ली की बदलती तस्वीर सबके सामने है और दिल्ली की आम आदमी पार्टी जिस प्रकार से भ्रष्टाचार में लिप्त है, वो भी दिल्ली की जनता को अब समझ आ गया है। ऐसे में अब दिल्ली में सातों सीटों पर भाजपा की जीत निश्चित है।

फडणवीसस ने कहा कि प्रवीन खंडेलवाल ने जैसे व्यापारी वर्ग के लिए निःस्वार्थ कार्य किए हैं, उससे लोगों का भरोसा उनपर बढ़ा है और उनकी जीत भी तय है। मैं लोगों से अपील करुंगा कि वो ज्यादा से ज्यादा संख्या में 25 तारीख को घरों से निकले और भारी बहुमत से उनको विजयी बनाएं।”