कांग्रेस ने लगातार सनातन धर्म की जड़ों को काटने का प्रयास किया: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 22 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उत्तरप्रदेश की महाराजगंज, कुशीनगर व जौनपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश, प्रदेशों में जो विकास हुआ है वह तो बाजार में नजर आ रहा है और जो भ्रष्टाचारी, गुंडे, बदमाश थे वे जेल में दिख रहे हैं। यह 21वीं सदी का भारत है और यहां पर लोकतंत्र है। किसी की भी तानाशाही नहीं चलेगी। देश की आजादी के बाद से कांग्रेस ने लगातार सनातन धर्म की जड़ों को काटने का प्रयास किया है। कांग्रेस 70 सालों तक भगवान श्रीराम पर ही प्रश्नचिन्ह लगाती रही, उनके होने का प्रमाण मांगती रही। कांग्रेस की गलतियों के कारण देश की चारों तरफ की सीमाएं असुरक्षित थीं, लेकिन अब दुश्मन डरता है। देश के दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होना बेहद जरूरी है। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बिहार के गया पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

70 सालों तक कांग्रेस लगाती रही भगवान श्रीराम पर प्रश्नचिन्ह

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 1947 में देश आजाद हुआ। उसी समय अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनना चाहिए था, लेकिन 70 सालों तक कांग्रेस भगवान श्रीराम के होने पर ही प्रश्नचिन्ह लगाती रही। उनके होने का प्रमाण मांगती रही। कांग्रेस के कारण भगवान श्रीराम 70 सालों तक टेंट में ही विराजमान रहे, लेकिन फिर देशवासियों ने प्रधानमंत्री मोदी को मौका दिया और उन्होंने किए गए वादे के अनुरूप भगवान श्रीराम को उनके गर्भगृह में विराजमान कराया। अब श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। कांग्रेस हमेशा से सनातन धर्म की जड़ों को काटने का कार्य करती रही। हिन्दू-मुसलमानों के बीच फूट डालकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकती रही। कांग्रेस की मानसिकता ही अंग्रेजों वाली रही है।

20-25 परिवार ने ही कर रखा था पदों पर कब्जा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश में 20-25 परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने ही सारे पदों पर कब्जा कर रखा था। किसी दूसरे को अवसर नहीं मिलता है। यह लोकतंत्र पर एक तरह से कलंक है, इसका निपटारा होना जरूरी है। एक तरफ भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर काम करती है। एक गरीब परिवार का चाय बेचने वाला बेटा भाजपा में प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब, मजदूर परिवार का बेटा मुख्यमंत्री बनता है, कोई गरीब मंत्री, सांसद, विधायक बनता है। लोकतंत्र का गौरव ऐसा होना चाहिए।

कांग्रेस की गलतियों के कारण चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की गलतियों के कारण चीन ने भारत की एक लाख किलोमीटर से ज्यादा जमीन पर कब्जा जमाया। यह कलंक लंबे समय से हमारे देश के माथे पर है। कांग्रेस के शासनकाल में देश के चारों तरफ की सीमाएं असुरक्षित थीं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि पहले कभी भी देश में टिफिन बम, साइकिल बम फट जाते थे। लोग घरों से निकलने में डरते थे, लेकिन अब देश से आतंकवाद का नामोनिशान मिट गया है। देश के दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी का होना बेहद जरूरी है।

देश को मिली आर्थिक रूप से समृद्धि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज हमारा देश आर्थिक रूप से भी समृद्धशाली, वैभवशाली हुआ है। हम दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहे हैं। देश में 70 नए हवाई अड्डे बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोजी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र का विकास हुआ है। उन्होंने सेना के जवानों और किसानों को उनका मान-सम्मान दिलाया है। कोविड जैसी महामारी में भी देशवासियों की रक्षा करने का बीड़ा उठाया और प्रत्येक नागरिक की जान बचाई।