सीएम सैनी व डा. पूनिया ने खिलाड़ियों को हरियाणा खेल गौरव पुरस्कार से नवाजा

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को रोहतक में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया भी उपस्थित रहे।

यहां मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारत माता का मस्तक पूरे विश्व में ऊंचा करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना और उनसे संवाद करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। इस मौके पर श्री सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश को खेलों में मिलने वाले 50 फीसदी मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए ऐसी खेल नीति बनाई है, जिससे गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में खिलाड़ी अपना कौशल दिखाकर मेडल जीत रहे हैं।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी 2036 में भारत में ओलंपिक खेल करवाने की योजना बना रहे हैं। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को और मजबूती मिलेगी। सीएम सैनी ने हरियाणा खेल गौरव पुरस्कार कार्यक्रम में कहा कि ओलंपिक और पैरा ओलंपिक में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार नौकरियों के साथ-साथ 4.50 करोड़ से 6 करोड़ रुपये तक नकद पुरस्कार देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में खिलाड़ियों के लिए और भी अधिक बेहतर करेगी।

हरियाणा के खिलाड़ी ‘नायाब’ हैं : डॉ. सतीश पूनिया

रोहतक में आयोजित हरियाणा खेल गौरव पुरस्कार समारोह में हरियाणा भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी प्रदेश की शान हैं। यह हरियाणा की ताकत है। देश में जवानों के बाद दूसरी शान खिलाड़ी ही हैं। आज यहां प्रदेश की शान हमारे सामने बैठी है। इन खिलाड़ियों ने दुनिया में हरियाणा का नाम चमकाया और देश के तिरंगे की शान बढ़ाई है। ये सभी खिलाड़ी कमाल के लोग हैं।

इन्हें किया सम्मानित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक निवास हुड्डा, महिला बॉक्सर एवं वर्ल्ड चैंपियन स्वीटी बूरा, द्रोणाचार्य अवार्डी रामबीर खोखर, द्रोणाचार्य अवार्डी नरेंद्र सैनी, अर्जुन अवार्डी राममेहर सिंह, अर्जुन अवार्डी दीपक पुनिया, अर्जुन अवार्डी पूजा कादियान, अर्जुन अवार्डी साक्षी पूनिया, ध्यानचंद अवार्डी मनोज कुमार, भीम अवार्डी शिवानी कटारिया, भीम अवार्डी जैयंती पाठक, भीम अवार्डी कविता गोयत, भीम अवार्डी सोनिया चहल, भीम अवार्डी निशा, रीतिका हुड्डा, वंशज, निक्की, रीतिक दहिया, कोच मनदीप, दिनेश कुमार, अमनप्रीत, जगमाल नरवाल समेत कई खिलाड़ी और कोच को सम्मानित किया।