नगर निगम में जीत और मत प्रतिशत में वृद्धि के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही भाजपा : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 18 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी निगम चुनाव में पार्टी जीत और मत प्रतिशत में वृद्धि के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कुमाऊं दौरे में मत-प्रतिशत और मतदाता बढ़ाने समेत संगठन की अनेकों महत्वपूर्ण बैठकों में शिरकत की है। लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत वे शीघ्र हिमाचल प्रचार के लिए भी निकलने वाले हैं।

भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अपने कुमाऊं दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात दिन में 35 निकायों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की है जिसमें निकाय और निगमों की चुनाव तैयारियों के मद्देनजर तय विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने प्रतिभाग किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान पार्टी का फोकस रहा, अधिक से अधिक लोगों की मतदान में सहभागिता सुनिश्चित करना। इसके लिए मतदाता सूची में सुधार को लेकर 20 मई तक चलने वाले आयोग ने अभियान में सक्रिय सहयोग देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।

कार्यकर्ताओं से रायशुमारी और सर्वे के आधार पर होगा उम्मीदवारों का चयन

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा निकाय चुनावों को लेकर पूरी तरह से तैयार है, लिहाजा जैसे ही चुनाव आयोग की ओर से तारीखों की घोषणा होगी, आगे की रणनीति पर भी अमल शुरू हो जाएगा। सांगठनिक स्तर पर तैयारियां पूर्ण हैं और चुनाव की घोषणा होने के साथ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी आरंभ हो जाएगी। जिसके लिए पर्यवेक्षक जिलों में भेजे जाएंगे और दावेदारी के इच्छुक लोगों की सूची बनाई जाएगी। इन नामों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रायशुमारी के साथ ही पब्लिक सर्वे के आधार कर पार्टी उम्मीदवार का चयन करेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विगत निकाय परिणामों में रिकॉर्ड सुधार लाने के लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं । विगत चुनावों में कुल 8 में 6 निगमों को जीत से आगे बढ़ाते हुए, इस बार सभी निगम सीटों व नगर पालिका पर भाजपा अपना प्रचार लहराने वाली है।

21 से हिमाचल प्रचार के लिए जाएंगे महेंद्र भट्ट-

महेंद्र भट्ट ने बताया कि यूपी, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उड़ीसा में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की टीम गई है। वे स्वयं केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 21 मई से हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए जाने वाले हैं। जिसके तहत वह वहां की सभी 04 सीटों पर विभिन्न चुनाव कार्यक्रमों में शिरकत कर, पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।

बेहतर व्यवस्था देखकर ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बेहतर व्यवस्था देख कर ही रिकार्ड संख्या में यात्री देवभूमि आ रहे हैं। विगत वर्षों से लगातार सफल और सुरक्षित यात्रा का अनुभव श्रद्धालुओं ने महसूस किया है। यही वजह है कि उम्मीद से कई गुना तीर्थयात्री उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं । यात्रा प्रबंधन को लेकर सरकार पहले से ही व्यवस्था दुरस्त कर तय रणनीति के तहत लगातार काम कर रहीं है। स्वयं मुख्यमंत्री धामी तीन दिन से ग्राउंड जीरो पर लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। शुरुआती दिनों में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने से क्राउड मैनेजमेंट हमेशा ही एक चुनौती की तरह होता है। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ेगी, जो थोड़ी बहुत व्यवहारिक दिक्कतें आ रही हैं वे भी समाप्त हो जाएंगी।