सरकार बनते ही इंडी गठबंधन के लोग कमाने में लग जाते हैं : बाबूलाल मरांडी

चतरा, 11 मई (हि.स.)। चतरा लोकसभा के सिमरिया के मुरवे फुटबॉल मैदान में शनिवार को आयोजित जनसभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है। यह सरकार झारखंड की विरोधी है। झारखंडियों की विरोधी है। विकास की भी विरोधी है। कांग्रेस पार्टी ने देश में वर्षों तक राज किया। उसने कभी भी गांव और ग्रामीणों की चिंता नहीं की। गांव में सड़क नहीं बनाई। घरों में बिजली नहीं थी। खाने के बिना लोग भूखों मरते थे।

उन्होंने कहा कि जब भाजपा के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तब देश के साथ-साथ इस प्रदेश में भी विकास का काम हुआ है। गांव तक सड़क पहुंची। नदी नाला में पुल पुलिया बना। घर घर में बिजली पहुंची। आज कोई गरीब भूखे नहीं सोता है, क्योंकि गरीबों को मुफ्त में हर महीने राशन दिया जा रहा है। गरीबों को घर भी उपलब्ध कराया गया है। सरकार बनते ही इंडी गठबंधन के लोग कमाने में लग जाते हैं। आए दिन जनता देख रही है कि सरकार फर्स्ट भ्रष्ट अफसर की तिकारो से पैसे निकाल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के एमपी के घर से नोट मिलते हैं। कुछ दिन पहले सरकार के एक मंत्री के पीए के नौकर के घर से भी करोड़ों रुपये मिले हैं। यह पैसा बालू की लूट का है। पत्थर की लूट का है। जमीन के फर्जीवाड़ा का है। खदान की लूट का है। भारत सरकार की जांच एजेंसी उस पैसे को खोज कर निकल रही है। सारे लोग आज परेशान है। इसीलिए आने वाले चुनाव में अपना एक-एक वोट कमल फूल को दें। फिर से इस देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनाना है।