यमुनानगर: प्रधानमंत्री की सोच सबका साथ सबका विकास : बंतो कटारिया

यमुनानगर, 4 मई (हि.स.)। अंबाला लोकसभा चुनाव क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया ने शनिवार को सढौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव सबलपुर, गधौला, कोतर खाना, भम्भोल, गुगलों, गलौली, मारवा कलां, चाहड़वाला, हैबतपुर, ककडौनी, चंदा खेड़ी रोड बिलासपुर, खेड़ा हाल बिलासपुर आदि बहुत से स्थानों पर जनता के साथ जनसम्पर्क किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा, पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी भी साथ रहे।

इस मौके पर अंबाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रत्नलाल कटारिया ने अपने कार्यकाल में पंचकूला नैशनल हाइवे, साहा हाइवे, अम्बाला-कैथल हाइवे, मोरनी हार्बल पार्क, कैल नैशनल हाइवे बाइपास, किसानों के लिए बागबानी विश्वविद्यालय, युवा वर्ग के लिए फैशन टैक्नोलोजी, केन्द्रीय विद्यालय सहित हर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की केन्द्रीय ग्रांट से अनेकों विकास कार्य करवाए, वहीं करोड़ों रुपयों के प्रोजेक्ट मोदी सरकार में मंजूर करवाए है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के योगदान से ही देश में समता का भाव है। उनके बनाए संविधान से देश चल रहा है। हमारे रसोई, शौचालय की जो चिंता प्रधानमंत्री ने की है, वो कोई नहीं कर सकता है। भाजपा पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा ने कहा कि 25 मई को कमल के फूल का बटन दबाना है और अंबाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया को विजयी बनाकर केन्द्र में नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार हिन्दुस्तान का प्रधानमंत्री बनाना है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता साथ रहे।