मतदान कर हम सरकार नहीं बल्कि भारत की दिशा तय करते हैं : निखिल रंजन

रामगढ़, 26 अप्रैल (हि.स.) । हमारा एक वोट केवल सरकार नहीं बनाता, बल्कि वह भारत की दिशा तय करता है। यह बात शुक्रवार को रामगढ़ पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री निखिल रंजन ने कही। अभाविप की रामगढ़ जिला शाखा ने मतदाता जागरूकता अभियान हेतु बैठक का आयोजन होटल मिलन में किया था। इस मौके पर निखिल रंजन ने कहा कि भारत ने अपनी सफल निर्वाचन प्रक्रिया द्वारा विश्व की सबसे बड़े लोकतंत्र के सफल संचालन का परिचय कराया है। मतदाताओं की जागरूकता एवं भारत की चुनाव प्रक्रिया ही हमें और मजबूती देगा। हम अपने वोट से यह सुनिश्चित करते हैं कि भारत के भविष्य एवं विकास की गति क्या होगी। प्रत्येक चुनाव में मतदाता प्रतिशत में बढ़ोतरी ने भारत के नागरिकों की लोकतंत्र में आस्था को सिद्ध किया है।

बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक शुभम गिरी ने की। बैठक में रामगढ़ नगर अध्यक्ष डॉक्टर आशीष कुमार एवं जिला संगठन मंत्री विक्रम राठौड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूकता अभियान चलाने को लेकर कमेटी का गठन किया गया। नगर अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार ने कहा कि सरकार पर सवाल उठाने से अच्छा है हम अपने मतों का उपयोग कर निर्णय खुद करें। मत का उपयोग लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाता है।

जिला संयोजक शुभम गिरी ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर अभियान समिति का गठन एक-दो दिन में किया जाएगा जिसमें आभियान के जिला संयोजक, नगर संयोजक, प्रखंड अभियान संयोजक के रूप में सभी को दायित्व सौंपा जाएगा। पंचायत स्तर से लेकर बूथ स्तर तक समिति का विस्तार किया जाएगा। मतदाता जनजागरण अभियान के नियमित छोटी बैठक 300 करने का लक्ष्य है। बैठक में मुख्य रूप से प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सह कॉलेज अध्यक्ष नितेश कुमार मोदी, चितरपुर नगर मंत्री संदीप शुक्ला, भुरकुंडा नगर मंत्री पुनीत कुमार, कृष्णा पोद्दार्थ, भुरकुंडा नगर सह मंत्री पिंटू मुंडा सहित कई लोग मौजूद थे।