लू की चपेट में पलामू, अधिकतम पारा 43 डिग्री पार

पलामू, 19 अप्रैल (हि.स.)। पलामू में लगातार गर्मी बढ़ रही है। जिला का लगभग हिस्सा गर्म हवाओं की चपेट में है। अधिकतम तापमान हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा है। इस बीच जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। शुक्रवार को 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 23.07 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि जिस तरह का मौसम अभी चल रहा है, ऐसी स्थिति पूरे माह रहने वाली है। मई से 15 जून तक गर्मी बढ़ेगी ही।

मौसम विज्ञान केंद्र के रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर पश्चिम से चल रही शुष्क हवा के कारण करीब करीब इलाका लू की चपेट में आ गया है। अधिकतम तापमान बढ़ रहा है और गर्म हवाएं चलने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दोपहर दो बजे जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के कोयल नदी पुल पर गर्म से लोग अपने चेहरे को ढककर चलते पाए गए। पूरा बदन झुलस रहा था।

हालांकि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में मौसम के बदल जाने की बात कही है। 22 अप्रैल को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम में यह परिवर्तन थोड़ा राहत दे सकता है। पलामू, गढ़वा समेत आधा दर्जन से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है। केंद्र की ओर से सलाह भी जारी की गई है। जिसमें कहा गया है कि बहुत जरूरी ना हो तो दिन के 11 से दोपहर 3 तक घर से बाहर निकलने से बचें। अगर निकालना जरूरी है तो टोपी पहनकर या छाता लगा कर चलें। शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। बच्चों और बुजुर्ग का इस गर्मी में विशेष ध्यान रखना होगा। वैसे श्रमिक जो भारी काम करते हैं, उन्हें दोपहर 11 से 3 बजे तक बचना चाहिए। संभव हो तो नियमित पानी पीते रहें।