डीएम और एसएसपी ने चुनाव डयूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को दिए निर्देश

हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने लोकसभा चुनाव में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। जिला निर्वाचन अधिकारी व एसएसपी ने पोलिंग पार्टियों के जाने-आने के रूट, मतदान केन्द्र में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बारीकी से जानकारी दी।

दोनों अधिकारियों ने बताया कि मतदान के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा। चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारी लगातार राउण्ड पर रहेंगे और प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। अपने डयूटी स्थल व आसपास कड़ी नजर रखें। शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। पोलिंग बूथ पर अराजक गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए।

उन्होंने बताया कि जनपद में 861 मतदान केन्द्र और 1714 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 247 संवेदनशील पोलिंग बूथ चिन्हित किए गए हैं। जनपद को चुनाव के दृष्टिगत 4 सुपरजोन, 33 जोन व 161 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान के दौरान जनपद में 15 राजपत्रित अधिकारी, 31 निरीक्षक, 172 उपनिरीक्षक, 122 एडिशनल उपनिरीक्षक, 352 हेड कांस्टेबल, 1040 कांस्टेबल, 2450 होमगार्ड्स व पीआरडी जवान, 2 कम्पनी व 2 प्लाटून पीएसी व 13 कम्पनी केन्द्रीय अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।