छह किलोमीटर दूर बूथ, पैदल जाकर वोटिंग करने में भारी परेशानी

पलामू, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र में दो लोकसभा तथा तीन विधानसभा क्षेत्र पड़ता है। 73 मनिका विधानसभा क्षेत्र के रबदा के कुकुरबंधवा, फुलवरिया और डम्हवा की दूरी बूथ से करीब पांच से छह किलोमीटर है। इन दोनों जगह पर दो वार्ड पार्षद का चयन करीब 700 मतदाता करते हैं, जो पैदल वोट देने सतबरवा के करीब बने रबदा मध्य विद्यालय के बूथ पर जाते हैं। रबदा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि यहां पर 86 और 87 नंबर बूथ संख्या बनाया गया है। दोनों बूथों पर सात-सात सौ वोटर हैं।

इधर, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने बताया कि 1100 के लगभग वोटरों की संख्या होने पर बूथ बनाए जाते हैं।

भाड़े के अभाव में वोट देने नहीं जा पाते मतदाता

कई मतदाताओं ने बताया कि भाड़े के अभाव में अधिकतर मतदाता वोट देने नहीं जा पाते हैं। इधर, वार्ड पार्षद सह रबदा पंचायत के उप मुखिया उमेश सिंह बताया कि फुलवरिया राजा मेदिनीराय की जन्मस्थली है। यहां से बूथ पर जाने में पांच-छह किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ता है। भाड़े के टेंपो अन्यथा किसी तरह से जुगाड़ लगाकर बूथ पर वोट देने चले जाते हैं। इस दौरान प्रत्येक मतदाताओं को 100 रुपए के करीब खर्चा आ जाता है। उन्होंने कहा कि कुकुरबंधवा स्थित स्कूल में बूथ बन जाने से यहां के वोटरों को सुविधा होती।

इधर, केशर परहिया, प्रदीप सिंह, चंदन सिंह, सुधीर सिंह, फूल कुमारी देवी, प्रेमा देवी, सविता देवी बताती है कि पैदल वोट देने जाते हैं। इस दौरान गर्मी और प्यास से बुरा हाल हो जाता है। इस बूथ पर आदिम जनजाति परहिया समाज के 100, उरांव समाज के डेढ़ सौ तथा आदिवासी चेरो वोटरों के अलावे दलित वोटर वोट देने रबदा स्कूल पैदल जाते हैं। सरकार को सुविधाओं पर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि मताधिकार का प्रयोग कई गुना बढ़ाया जा सके।