”आशीर्वाद” के बहाने अखिलेश आए समन्वय बनाने

सीतापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। इलेक्ट्रॉल बांड ने भाजपा की पोल खोल दी है, जितने भी पेपर लीक हुए वह सभी भाजपा शासित राज्यों में ही हुए हैं। गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि वे घर-घर जाकर यह बात जनता को बताएं और लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के अभियान में जुट जाएं।

यह बातें सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सीतापुर में कही। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। शुक्रवार शाम को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव सीतापुर नगर के लहरपुर से सपा विधायक अनिल वर्मा के आवास पर पहुंचे थे।

शुक्रवार को पीलीभीत में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने विधायक के घर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद सपा सुप्रीमो का काफिला शहर के नेपालापुर चौराहे के निकट मोहल्ला आदर्श नगर स्थित सपा के इकलौते विधायक लहरपुर अनिल वर्मा के आवास पहुंचा। बताते चलें कि बीते 21 जनवरी को अनिल वर्मा के सुपुत्र अतुल वर्मा की शादी समारोह में अखिलेश यादव नहीं पहुंच सके थे।

पूर्व सीएम का हेलीकॉप्टर कोतवाली देहात इलाके में उतरा जिसके बाद वह कार से विधायक के आवास पर पहुंचकर सपा सुप्रीमो ने नवदम्पत्ति जोड़े को आशीर्वाद दिया। विधायक के परिवारी जनों व सपा-कांग्रेस गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉल बांड ने भाजपा सरकार की पोल खोल दी है। भाजपा सरकार के समय में हुई नोटबंदी सबसे बड़े भ्रष्टाचार का उदाहरण है। पेपर लीक मामले में भाजपा शासित प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।

सीतापुर सीट पर प्रत्याशी बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि कैसरगंज का प्रत्याशी कब घोषित करेगी? पीलीभीत के भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा सड़क बनाने वाले अब संसद जाएंगे? बातों ही बातों में उन्होंने ओम प्रकाश राजभर के अस्पतालों में महंगे इलाज के बयान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा जब इन सभी का यह कहना है तो आमजन का मंहगे इलाज के बारे में क्या विचार होगा।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन प्रत्याशी के साथ पूरी ताकत से साथ देने की अपील भी की। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, एमएलसी जासमीर अंसारी, कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी राकेश राठौर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

–आशीर्वाद था बहाना, उद्देश्य समन्वय था बनाना!

सीतापुर की लहरपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के एकमात्र विधायक अनिल वर्मा के पुत्र की शादी व आशीर्वाद समारोह वैसे तो जनवरी माह की 21/22 को था। उस समय उक्त आयोजन में अखिलेश यादव नहीं आ सके थे। सीतापुर के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दो माह बाद विधायक अनिल वर्मा के यहाँ पहुँचना आशीर्वाद देने का तो एक बहाना भर था। असल में अखिलेश यादव का उद्देश्य सीतापुर संसदीय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राकेश राठौर व सपा पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करना था। जानकारों का कहना है कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेता अभी भी सीतापुर सीट पर सपा के कोटे व सिम्बल की बात कर रहे हैं। इन्हीं सब अंतर विरोधों को लेकर अखिलेश यादव के आने का उद्देश्य सपा कांग्रेस गठबंधन के बीच समन्वय स्थापित करना बताया जाता है।