पलवल: हरियाणा में अब गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी: नायाब सिंह सैनी

पलवल, 6 अप्रैल (हि.स.)। पलवल जिले में पहली बार शनिवार को होडल विधानसभा के गांव औरंगाबाद में विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। रैली में पहुंचने पर सीएम नायाब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया गया। सीएम नायाब सैनी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 4 जून से पहले अपने आप को और अपने खराब सिस्टम को सुधार लें अन्यथा हम सुधार देंगे।

कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में 18 लाख वोटर हैं। जिनमें से 80 प्रतिशत वोटर कृष्ण पाल गुर्जर को वोट करेंगे और कृष्ण पाल गुर्जर को भारी मतों से जिताने का काम करेंगे। भाजपा उम्मीदबार कृष्णपाल गुर्जर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस को वरिष्ठ लोग याद आ रहे हैं। गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस के लोग वोट लेने के बाद कहीं दिखाई देने वाले नहीं है। कांग्रेस तो मदारी की तरह है खेल खत्म, पैसा हजम।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोदी सरकार को न्याय करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर वर्ग के साथ न्याय किया है और अपनी कल्याणकारी नीतियों से देश को विकास की पटरी पर चढ़ाया है, जबकि कांग्रेस ने कभी भी देश के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री ने मंच से अधिकारियों को भी कहा कि अफसर जनता का काम करने में कोई कोताही ना बरतें। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा में अब गुंडागर्दी करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

सीएम एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने सबसे पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य हैं, जिसके 18 करोड़ से ज्यादा मेंबर है। नायाब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास भारत के विकास की ना कोई नीति है और ना ही विकास कराने की नीयत है। कांग्रेस का नेतृत्व तो कहीं दिखाई ही नहीं देता है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा,विधायक दीपक मंगला, विधायक जगदीश नायर, विधायक प्रवीण ड़ागर, जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल,पूर्व उपाध्यक्ष जगमोहन गोयल, गौरव गौतम,ड़ॉ हरेद्रपाल राणा,सुभाष चौधरी,सतबीर पटेल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।