आज सुपुर्द-ए-खाक होगा मुख्तार अंसारी, जनाजा का तैयारी

Mukhtar 420

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर), 30 मार्च (हि.स.)। बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी का शव उत्तर प्रदेश के बांदा से भारी पुलिस बल के साथ रात 1:15 बजे पैतृक कस्बा मुहम्मदाबाद के आवास पर पहुंचा। मुहम्मदाबाद के कालीबाग कब्रिस्तान में उसे आज (शनिवार) सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। जनाजा ले जाने की तैयारी की जा रही है। गाजीपुर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा है कि अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूर्ण हैं। पैतृक आवास से कब्रिस्तान तक के मार्ग पर पुलिस व अन्य बल को तैनात किया गया है।

माफिया डान मुख्तार की कब्र उसके पिता सुभानउल्ला अंसारी और मां बेगम राबिया खातून की कब्र के पास खोदी गई है। मुख्तार का शव भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचा। बांदा से गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद पहुंचने में करीब साढ़े आठ घंटे से अधिक का समय लगा। बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की तबीयत गुरुवार को बिगड़ी थी। उसे तत्काल बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां ह्रदय गति रुकने से उसकी रात 8ः25 बजे मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर एक बजे तीन मजिस्ट्रेट, पांच सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने सीएमओ समेत आला अफसरों की निगरानी में पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर माफिया के गुर्गे जरूर दिखे पर अपनों में बेटा-बहू ही आए। शाम 4:40 बजे मुख्तार का शव उसके बेटे उमर अंसारी को सौंपा गया।