पांच बडे कांग्रेस नेता भाजपा के सम्पर्क में: नानालाल अटोलिया

मंदसौर, 12 मार्च (हि.स.)। बूथ विजय अभियान कार्यक्रम विषय को लेकर मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय मंदसौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने मंदसौर, नीमच, जावरा लोकसभा चुनाव संयोजक देवीलाल धाकड़ एंव भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जैन की उपस्थिति में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने बताया कि मंदसौर जिले के चार से पांच बडे कांग्रे्स नेता जिसमें पूर्व जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं भाजपा के सम्पर्क में हैं। संभवतः एक सप्ताह में कुछ कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो सकते है।

प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी जिला मंदसौर द्वारा बूथ विस्तारक अभियान – 1 एवं 2, बूथ के नेतृत्व का प्रशिक्षण, बूथ विजय संकल्प अभियान, शक्ति सम्मेलन से लेकर बूथ स्तर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रम और अभियान आयोजित किए गए। पिछले विधानसभा चुनाव में 10 प्रतिशत वोट वृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करते हुए पार्टी के जनाधार में 8 प्रतिशत जनाधार में वृद्धि की है। साथ ही लगभग 61 प्रतिशत बूथों पर विजय श्री प्राप्त की। किसी भी राजनीतिक दल द्वारा प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा हर बूथ पर 370़ वोट का लक्ष्य देश भर के कार्यकर्ताओं को दिया गया है। 370 एक संख्या मात्र नहीं बल्कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए यह एक भावनात्मक विषय है। अटोलिया ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में जिला भाजपा ने गांव चलो अभियान और लाभार्थी संपर्क अभियान का पार्टी शीर्ष नेतृत्व की मंशानुरूप मंदसौर जिले के समस्त मंडलो के समस्त बूथों पर सफलतापूर्वक कार्य किया है। विगत सप्ताह मंदसौर जिला लाभार्थी संपर्क अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इसके साथ ही लोकसभा स्तर पर एक एलईडी रथ केन्द्र एंव राज्य सरकार की योजनाओं के साथ आम जन से सुझाव एकत्रित कर रहा है। जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक अब तक सशक्त भारत निर्माण हेतु अपने सुझाव सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तक पहुंचा चुके है।

वर्तमान में मंदसौर जिले में आजीवन सहयोग निधि का कार्य चल रहा है। जिसमें पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एंव विचारों के समर्थक आम नागरिक संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु स्वेच्छा से समर्पण निधि का दान कर रहे हैं। साथ ही लोकसभा चुनाव हेतु मंदसौर जिले की सभी चारों विधानसभाओं पर विधानसभा चुनाव कार्यालय प्रारंभ हो चुके हैं।