पत्रकार की की गिरफ्तारी कानून का मामला, कांग्रेस के आरोप निराधार: मनवीर चौहान

देहरादून, 05 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने पौड़ी में एक पत्रकार की गिरफ्तारी को कानूनी विषय बताते हुए कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया।

भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में कांग्रेस राजनैतिक रोटियां सेंकती रही है और इस मामले में जनता उसे नकार भी चुकी है। यह गिरफ्तारी किसी अन्य मामले में हुई है और किसी के इशारे पर नही, बल्कि विधिसम्मत है। जहां तक अंकिता हत्याकांड का सवाल है तो उसमें जांच एजेंसियों के द्वारा सटीक जांच की गयी है और न्यायालय ने भी जांच पर संतोष जताया है।

आरोपित जेल में है और मामले की सुनवाई चल रही है। किसी को बचाया नही गया, बल्कि जांच में जो भी नाम सामने आये उन पर कार्यवाही हुई है। कांग्रेस की खीज इसी कारण से है कि उसे अपनी राजनैतिक यात्रा में जन समर्थन नही मिला। वह अंकिता के परिजनों की भावनाओं से खिलवाड़ करने में भी पीछे नही रही। तमाम अनर्गल दुष्प्रचार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ करते रहे, लेकिन जनता ने कांग्रेस के प्रायोजित दुष्प्रचार पर भरोसा नही किया, क्योंकि सीएम धामी बिना काल खंड के भर्ती घोटालों की जांच और कानून व्यवस्था में भी जांच एजेंसियों को खुली छूट देने के फ़ैसलों से जीरो टॉलरेंस को साबित कर चुके हैं। अंकिता प्रकरण में भी उन्होंने खुद घटना का संज्ञान लिया और 24 घण्टे में आरोपित सलाखों के पीछे हो गए।

कांग्रेस को निराधार आरोपों का परित्याग कर वास्तविकता को स्वीकार करने की जरूरत है। सच यही है कि कांग्रेस हर मामले को राजनैतिक चश्मे से देख रही है।